लखनऊ, 28 मई।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, जिससे भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को गुरुवार से कुछ राहत मिलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि बुंदेलखंड और प्रयागराज क्षेत्र में आज भी लू और तेज तपिश का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आगरा, मेरठ, कानपुर, हमीरपुर और बांदा सहित कई जिलों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की संभावना बढ़ गई है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई और हवाओं के रुख में भी नरमी देखी गई है।
विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से 31 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी संभव है। इसके चलते तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लगभग एक सप्ताह तक लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्वी हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की गति 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने 28 मई से 3 जून तक की अवधि के लिए पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें 1 जून तक गरज-चमक के साथ बौछारें, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी, जबकि 2 और 3 जून को मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मौसम गर्म और शुष्क रहा, जहां तापमान 38 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि रात के समय मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है और आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
















