भोपाल, 21 जुलाई।
मध्य प्रदेश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा निवेश प्रस्ताव सामने आया है। नवी मुंबई स्थित पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने प्रदेश में लगभग 6,200 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई है। कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से 2,500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर निवेश योजना की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि परियोजना के लिए भूमि का प्रारंभिक चयन किया जा चुका है और जल्द ही भूमि आवंटन का प्रस्ताव सरकार को सौंपा जाएगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक मंजुल शरद शाह और उनके सहयोगियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान निवेश प्रस्ताव पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक के दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और कंपनी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया गया। कंपनी ने बताया कि मध्य प्रदेश की सेमीकंडक्टर नीति से प्रभावित होकर उसने यहां अपनी इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। एमपीआईडीसी की ओर से उज्जैन क्षेत्र में डीएमआईसी विक्रम उद्योगपुरी लिमिटेड के फेज-2 में उपलब्ध भूमि का निरीक्षण किया गया है और प्रारंभिक तौर पर उसी स्थान का चयन किया गया है।
पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज रक्षा, अंतरिक्ष और एयरोस्पेस क्षेत्र की अग्रणी भारतीय कंपनी है। कंपनी ऑप्टिक्स, ऑप्ट्रॉनिक्स, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, एंटी-ड्रोन सिस्टम, आरएफ एवं माइक्रोवेव सिस्टम, क्वांटम टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और अन्य उच्च तकनीकी क्षेत्रों में कार्य करती है। कंपनी के विनिर्माण संयंत्र महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में संचालित हैं तथा वह रक्षा मंत्रालय, डीआरडीओ, इसरो और अन्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को तकनीकी समाधान उपलब्ध कराती है।
कंपनी ने बताया कि वह अपने विस्तार कार्यक्रम के तहत विश्वस्तरीय ओएसएटी (आउटसोर्स सेमीकंडक्टर असेम्बली एंड टेस्ट) इकाई स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। प्रस्तावित परियोजना के शुरू होने से मध्य प्रदेश में सेमीकंडक्टर और उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण क्षेत्र को नई गति मिलने के साथ निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।














