मुरैना, 21 जुलाई।
मुरैना शहर के ओवरब्रिज पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब धौलपुर से झांसी की ओर रेल नीर की पानी की बोतलें लेकर जा रहे एक ट्रक के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरा केबिन इसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक जैसे ही ओवरब्रिज पर पहुंचा, चालक ने केबिन से धुआं निकलते देखा। उसने तत्काल वाहन रोककर बाहर निकलने में सफलता हासिल की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। आग के चलते एमएस रोड और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना के बाद पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर जाम खुलवाया और स्थिति सामान्य कराई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।















