ज्यूरिख, 21 जुलाई।
फीफा विश्व कप 2026 के समापन के बाद जारी ताजा फीफा रैंकिंग में स्पेन ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। फाइनल में अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को 1-0 से हराने वाली स्पेनिश टीम छह महीने बाद फिर नंबर-1 पर पहुंच गई। इसके साथ ही मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना दूसरे स्थान पर खिसक गया।
खिताबी मुकाबले में फेरान टोरेस ने अतिरिक्त समय में निर्णायक गोल कर स्पेन को पुरुष वर्ग का दूसरा विश्व कप दिलाया। इस जीत के बाद स्पेन पुरुष और महिला, दोनों फीफा रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गया है। स्पेन की महिला टीम भी मौजूदा विश्व विजेता है।
लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना अब दूसरे स्थान पर है। विश्व कप में चौथे स्थान पर रहने के बावजूद फ्रांस तीसरे स्थान पर कायम है। वहीं, इंग्लैंड ने भी चौथा स्थान बरकरार रखा है।
यूईएफए नेशंस लीग की मौजूदा चैंपियन पुर्तगाल को विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बाहर किया था। इसके बाद टीम दो स्थान नीचे खिसककर सातवें नंबर पर पहुंच गई।
दूसरी ओर, इसी चरण में बाहर होने वाला ब्राजील एक स्थान की बढ़त के साथ छह महीने बाद फिर शीर्ष-5 में लौट आया और अब पांचवें स्थान पर है।
चार बार की विश्व विजेता जर्मनी की टीम राउंड ऑफ-32 में पैराग्वे के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट में हारकर बाहर हो गई थी। इसका असर उसकी रैंकिंग पर भी पड़ा और टीम दो स्थान फिसलकर 12वें नंबर पर पहुंच गई। यह सितंबर 2025 के बाद जर्मनी की सबसे खराब रैंकिंग है।
सह-मेजबान देशों में मेक्सिको ने सबसे बड़ी छलांग लगाई। टीम चार स्थान ऊपर चढ़कर 10वें स्थान पर पहुंच गई। मेक्सिको प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा था, जहां एज़्टेका स्टेडियम में उसे इंग्लैंड के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।
फीफा के मुताबिक जून रैंकिंग चक्र के दौरान कुल 105 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए। इनमें 104 मैच विश्व कप 2026 का हिस्सा रहे। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया गया।
विश्व कप 2026 के बाद जारी शीर्ष-10 फीफा पुरुष रैंकिंग में स्पेन पहले, अर्जेंटीना दूसरे, फ्रांस तीसरे, इंग्लैंड चौथे, ब्राजील पांचवें, मोरक्को छठे, पुर्तगाल सातवें, बेल्जियम आठवें, नीदरलैंड्स नौवें और मेक्सिको 10वें स्थान पर है।















