किशनगंज, 29 मई।
रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक परमशिव ने शुक्रवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन का एक दिवसीय दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, विभिन्न प्लेटफॉर्मों और रेल संपत्तियों की जांच करते हुए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की और व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
सीमांचल क्षेत्र के संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में शामिल किशनगंज स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान आईजी ने मुख्य प्लेटफॉर्म, आरपीएफ पोस्ट, यात्री प्रवेश एवं निकास द्वार सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली और सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त यात्रा उपलब्ध कराना आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विशेष रूप से महिला, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों की सुरक्षा पर अतिरिक्त ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, पार्सल कार्यालय और प्रतीक्षालयों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा लावारिस सामान की सघन जांच करने के आदेश दिए। साथ ही मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड की मदद से निगरानी बढ़ाने तथा बिना टिकट घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ट्रेनों और स्टेशन परिसर में अवैध सामानों की तस्करी, नशाखुरानी गिरोह और पॉकेटमारों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया।
निरीक्षण के बाद आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में आरपीएफ और राजकीय रेल पुलिस के अधिकारियों के बीच अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
आगामी त्योहारों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए महत्वपूर्ण ट्रेनों में एस्कॉर्ट पार्टी को पूरी तरह सतर्क रहने तथा प्लेटफॉर्मों पर रैंडम चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
















