सोनीपत, 29 मई।
जटवाड़ा इलाके में महिला की नृशंस हत्या और लूट के मामले में अपराध शाखा-एक ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित और विक्रांत के रूप में हुई है, जो जटवाड़ा गांव के ही रहने वाले हैं। आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से महिला के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी वेस्ट कुशल पाल सिंह और सीआईए-1 इंचार्ज इंस्पेक्टर राजीव ने बताया कि आरोपी विक्रांत ने निजी कॉलेज से वकालत की पढ़ाई की है, जबकि अंकित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हत्या पहले से रची गई साजिश थी या लूट के दौरान अचानक अंजाम दी गई। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात में कोई और भी शामिल तो नहीं था।
गौरतलब है कि 24 मई को जटवाड़ा में संतोष नामक महिला का शव उनके घर के बाथरूम में मिला था। महिला के हाथ-पैर चुन्नी से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। हत्यारे महिला के सोने के गहने, जिनमें चेन, कड़ा, अंगूठी और बाली शामिल थी, लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है।
















