ऑकलैंड, 10 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा है। भारतीय समुदाय के स्नेह और अपनापन से अभिभूत प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां रह रहे भारतीयों ने इस ऐतिहासिक दौरे के लिए चार दशक तक इंतजार किया है।
होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस अवसर पर भारत की शास्त्रीय संगीत और नृत्य परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने भारतीय सांस्कृतिक विरासत और विविधता की झलक पेश की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय का प्यार और अपनापन उनके दिल को छू गया। उन्होंने कहा कि यहां के भारतीयों ने किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा का चार दशक तक इंतजार किया और आज उनके उत्साह तथा आत्मीयता में यह भावना स्पष्ट दिखाई दी। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनका रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत और अटूट है।
इससे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी सहित दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री लक्सन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए संदेश भी साझा किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऑकलैंड यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वह दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री लक्सन के साथ व्यापक चर्चा को लेकर उत्सुक हैं।
प्रधानमंत्री के स्वागत में ऑकलैंड के प्रसिद्ध स्काई टावर को विशेष रोशनी से सजाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसे भारत और न्यूजीलैंड की मित्रता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक यात्रा व्यापार, रक्षा, खेल, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।















