Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

झारखंड
25 May, 2026

बकरीद को लेकर खूंटी पुलिस अलर्ट, कचहरी मैदान में हुआ मॉक ड्रिल

ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए खूंटी पुलिस ने कचहरी मैदान में मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था और आपात प्रतिक्रिया की तैयारी का अभ्यास किया।

खूंटी, 25 मई।

ईद-उल-अजहा (बकरीद) के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर खूंटी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को कचहरी मैदान में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीके सिखाए गए। मॉक ड्रिल में अश्रु गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करने तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया।

अधिकारियों ने जवानों को यह भी समझाया कि त्योहारों के दौरान किसी स्थान पर तनाव या अव्यवस्था की स्थिति बनने पर उसे किस तरह प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जाए, ताकि हालात बिगड़ने न पाएं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार और सतर्क रखना है, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी। साथ ही बाइक पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी और कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से बकरीद को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना पुलिस हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम नंबर पर तुरंत दी जा सकती है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़