कोलकाता, 04 मई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है, जिसके चलते पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने सभी काउंटिंग एजेंटों से अपील की कि किसी भी स्थिति में मतगणना केंद्र को न छोड़ा जाए और पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जाए, क्योंकि यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर शुरुआती राउंड में एक पक्ष को आगे दिखाकर बाद में मतगणना रोक दी जा रही है, और कई जगह दो-तीन राउंड के बाद प्रक्रिया को बाधित करने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ ईवीएम मशीनों में आंकड़ों का मेल नहीं पाया जा रहा है, जिससे संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में तृणमूल कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है और कई जगह पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी फिलहाल 70 से 100 सीटों पर आगे चल रही है और मीडिया के माध्यम से गलत सूचनाएं फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पहले जहां अलग-अलग एजेंसियों से जानकारी मिलती थी, वहीं अब चुनाव आयोग ने पूरी प्रक्रिया का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और मतगणना प्रक्रिया पर अंतिम राउंड तक नजर रखने की अपील की और विश्वास जताया कि अंतिम परिणाम में उनकी पार्टी को सफलता मिलेगी।





.jpg)









