पन्ना, 21 जुलाई।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पहाड़ीखेरा क्षेत्र में मंगलवार को एक खेत में आठ गिद्ध मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। विलुप्तप्राय श्रेणी के इन पक्षियों की सामूहिक मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, पहाड़ीखेरा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में गिद्धों के मृत पड़े होने की सूचना मिलने पर वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। वन परिक्षेत्र सहायक के.पी. मिश्रा और राम अवतार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) धीरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओ कृष्णा मरावी, देवेंद्रनगर के रेंजर, वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी करते हुए साक्ष्य एकत्र किए।
इसके बाद सभी मृत गिद्धों को सुरक्षित रूप से पहाड़ीखेरा वन डिपो ले जाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका अंतिम निस्तारण किया गया। साथ ही पोस्टमार्टम और अन्य परीक्षणों के लिए आवश्यक नमूने भी सुरक्षित किए गए हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिद्ध पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में एक ही स्थान पर आठ गिद्धों का मृत मिलना चिंता का विषय है। विभाग सभी संभावित कारणों की जांच कर रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















