रायबरेली, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन के अनुसार गोपालपुर बिजली पावर हाउस के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बुलंदशहर निवासी मुकेश (40), उनके पुत्र कुणाल (20) और अलीगढ़ निवासी रामू (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल चंदर मिश्रा और अभिषेक सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक कार सवार लोग रायबरेली रेलवे स्टेशन से रिश्तेदारों को लेकर प्रतापगढ़ के सांगीपुर लौट रहे थे। तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
















