नाहन, 13 जुलाई।
सिरमौर जिले के सराहां में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नाहन-कुमारहट्टी-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सराहां अस्पताल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुखद घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की असमय मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अस्पताल के पास एक तीखे मोड़ पर बेकाबू होकर पैराफिट को तोड़ते हुए खाई में समा गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हादसे में रीना शर्मा और अधिकारी जेटली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं उर्मिल जेटली ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 33 वर्षीय यशस्वी जेटली को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया है। डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने पुष्टि की कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, पच्छाद की एसडीएम ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान की है।














