भोपाल, 11 जून।
राजधानी में अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दल ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया तथा बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान भारत माता चौराहा, सूरजनगर, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 एवं 3, न्यू मार्केट, प्रोफेसर कॉलोनी, अशोका गार्डन, नवीन नगर, बागसेवनिया, अवधपुरी, अरेरा कॉलोनी, एमपी नगर, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन और लालघाटी समेत अनेक क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों और नियमित निरीक्षण के आधार पर निगम अमले ने सड़क किनारे लगाए गए ठेले, सब्जी विक्रेताओं के अस्थायी ढांचे, चाय-नाश्ते की दुकानों के बाहर फैला सामान, नालियों पर रखी फर्शियां, बांस-बल्ली, कबाड़ और निर्माण सामग्री को हटवाया। इसके साथ ही सार्वजनिक भूमि पर बनाए गए अवैध शेड, चबूतरे और झुग्गियों पर भी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के क्रम में लालघाटी क्षेत्र से तीन कबाड़ वाहन हटाए गए। वहीं एमपी नगर जोन-2 में पांच चारपहिया वाहनों को हटाया गया। प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र से दस दोपहिया और पांच चारपहिया वाहनों को भी हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अशोका गार्डन, प्रियदर्शनी नगर और दशहरा मैदान क्षेत्र में अवैध रूप से बने चबूतरों को तोड़ा गया, जबकि नवीन नगर में एक झुग्गी हटाने की कार्रवाई की गई।
निगम दस्ते ने अभियान के दौरान एक गन्ने की चरखी, दो लाइट बॉक्स, 15 फाइबर कुर्सियां, चार स्टूल, सात तिरपाल, एक लोहे का स्टैंड, एक फाइबर ड्रम, एक फोल्डिंग टेबल, एक भट्टी, तीन ठेले, 18 कैरेट तथा एक गुमठी सहित अन्य सामग्री जब्त की।
नगर निगम ने कहा है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थलों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















