गुरुग्राम, 17 जून।
स्टैंडअप कॉमेडी शो से जुड़े चर्चित ‘370 बिरयानी’ विवाद में कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक और लैंगिक टिप्पणियों को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय महिला आयोग ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। आयोग ने अपने पत्र में कहा कि महिलाओं की सहमति, गरिमा और अधिकारों से जुड़े संवेदनशील विषयों को हास्य के रूप में प्रस्तुत करना गंभीर चिंता का विषय है। आयोग ने इसे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित वातावरण में जीवन जीने के अधिकार के प्रतिकूल बताते हुए त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता जताई थी।
आयोग के पत्र पर संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में कई गंभीर और गैर-जमानती धाराएं भी जोड़ी हैं। साथ ही विवादित सामग्री को डिजिटल और सोशल मीडिया मंचों से हटाने के लिए संबंधित प्लेटफॉर्मों को पत्र भेजे गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने द लाफ स्टोर के एक प्रबंधक से भी पूछताछ की है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े वीडियो, डिजिटल सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विवाद सामने आने के बाद हिमांशु जांगड़ा को उनकी कंपनी ने नौकरी से हटा दिया है। विवाद बढ़ने पर हिमांशु जांगड़ा और प्रणीत मोरे दोनों ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक दोनों की ओर से जांच एजेंसियों को कोई औपचारिक जवाब नहीं दिया गया है और वे जांच में शामिल होने के लिए भी उपस्थित नहीं हुए हैं।
डीएलएफ फेज-2 थाना प्रभारी कृष्णकांत ने बताया कि दोनों आरोपितों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में गैर-जमानती धाराएं लागू होने के कारण पूछताछ के लिए आरोपितों को कभी भी हिरासत में लिया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल को गुरुग्राम स्थित द लाफ स्टोर में आयोजित एक स्टैंडअप शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा ने एक महिला को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी।















