मुंबई, 19 जून।
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईथा’ का पहला टीजर दर्शकों के सामने आ गया है। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की यह फिल्म प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म का टीजर सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
टीजर में श्रद्धा कपूर का बेहद अलग और दमदार अंदाज देखने को मिला है। फिल्म में वह विठाबाई के संघर्ष, समर्पण और कला के प्रति उनके जुनून को पर्दे पर जीवंत करती नजर आ रही हैं। उनके अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।
टीजर का सबसे भावनात्मक दृश्य वह है, जिसमें श्रद्धा का किरदार गर्भावस्था के अंतिम दौर में भी मंच पर प्रस्तुति देता दिखाई देता है। प्रस्तुति के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू होने के बावजूद वह कार्यक्रम जारी रखती है और बच्चे के जन्म के बाद दोबारा मंच पर लौटकर प्रदर्शन करती है। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया है।
फिल्म में रणदीप हुड्डा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महाराष्ट्र की लोककला, संघर्ष और समर्पण पर आधारित यह कहानी एक प्रेरणादायक जीवन यात्रा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। कई प्रशंसकों ने इसे श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे प्रभावशाली प्रस्तुतियों में से एक बताया है। फिल्म 28 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल इसका टीजर केवल सिनेमाघरों में दिखाया जा रहा है और जल्द ही इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जारी किया जाएगा।















