सूरत, 19 जून।
महाराष्ट्र के जालना जिले के परतूर स्थित एक निजी स्कूल के वार्षिक समारोह में कथित रूप से पाकिस्तान से जुड़े गीतों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मामले में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने सूरत में कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूरत दौरे के दौरान रक्षा खडसे ने कहा कि यदि किसी स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों को विवादित गीतों पर प्रस्तुति कराई गई है, तो यह गंभीर विषय है और देश में स्वीकार्य नहीं है। बच्चों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के संस्कार दिए जाने चाहिए, न कि ऐसे कार्यक्रमों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए जो गलत संदेश दें।
मंत्री ने कहा कि जिस देश में हम रहते हैं, उसके प्रति कर्तव्य और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। विद्यार्थियों को देश, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मूल्यों की शिक्षा दी जानी चाहिए। भारत और पाकिस्तान के संबंधों की वास्तविकता सभी जानते हैं और अगर कोई शैक्षणिक संस्था इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करती है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
महाराष्ट्र सरकार की भूमिका पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। रक्षा खडसे ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करेंगे। उन्होंने खुद भी राज्य सरकार से चर्चा करने का प्रयास करने का भरोसा दिया।
उल्लेखनीय है कि जालना जिले के परतूर स्थित किड्स वर्ड इंग्लिश स्कूल के वार्षिक समारोह में 'सर तन से जुदा' गाने का वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय प्रबंधक सहित तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।















