नई दिल्ली, 22 जून।
राजधानी में आयोजित ब्रिक्स बैठक से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ईरान और इथियोपिया के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात कर क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और बहुपक्षीय मंचों पर समन्वय बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान अजीत डोभाल ने ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव घादिर नेजामीपुर से बातचीत की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही ब्रिक्स ढांचे के अंतर्गत सहयोग बढ़ाने और भारत-ईरान संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
ईरानी प्रतिनिधि के भारत दौरे के दौरान कई विशेष सत्रों में भाग लेने का कार्यक्रम है। इन बैठकों में सुरक्षा सहयोग, आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और बहुपक्षीय साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ भी उनकी बैठकें प्रस्तावित हैं।
इसी क्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया एवं सुरक्षा सेवा के विश्लेषण विभाग के कार्यकारी निदेशक मिलियन लेमा तदेस्से से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-इथियोपिया संबंधों को और मजबूत बनाने तथा रणनीतिक सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार साझा किए।
उल्लेखनीय है कि 22 और 23 जून को नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की 16वीं बैठक आयोजित की जा रही है। दो दिवसीय इस सम्मेलन में साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आतंकवाद और अन्य उभरती सुरक्षा चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक सितंबर में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।















