भोपाल, 24 जून।
मनुआभान टेकरी क्षेत्र में युवक-युवती से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कोहेफिजा थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन युवक और एक विधि-विरोधी बालक शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान, वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के बाद उपयोग किए गए वाहन को बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक कैलाश नगर निवासी 23 वर्षीय युवक ने 23 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ मनुआभान टेकरी घूमने गया था। शाम के समय दोनों एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे, तभी कुछ युवक वहां पहुंच गए।
आरोप है कि आरोपियों में से एक ने युवती के गले पर चाकू अड़ा दिया। विरोध करने पर अन्य आरोपियों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपित हाथ घड़ी, बाइक की चाबी, ईयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांधी नगर क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसार उर्फ भय्यू, फैसल खान उर्फ बिट्टू, समीर खान और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से फरियादी की घड़ी, बोट्स कंपनी के ईयरबड्स, यामाहा मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त चाकू और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। फिलहाल आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।














