अमेठी, 24 जून।
अमेठी जिले के कमरौली थाना क्षेत्र स्थित पूरे मल्हाह मजरे बरसंडा गांव में एक रिसेप्शन समारोह के दौरान बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात आयोजित रिसेप्शन समारोह में डांस के दौरान एक बच्चे की शर्ट फट जाने को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के परिजन भी विवाद में शामिल हो गए और मामला बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान ओमप्रकाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल बन गया।
मृतक की पत्नी सीतापती की तहरीर पर पुलिस ने सहजराम, लल्लन, परसनाथ, लक्ष्मी, विष्णु और बालक लाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी पूरे मल्हाह मजरे बरसंडा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गहन पड़ताल की जा रही है।















