लदन, 24 जून।
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे के दौरान विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अलग ड्रेसिंग रूम उपलब्ध कराया जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली पांच टी20 मैचों की श्रृंखला में 15 वर्षीय बल्लेबाज के लिए यह व्यवस्था उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए की गई है।
जानकारी के अनुसार यह फैसला आईसीसी और ईसीबी द्वारा निर्धारित अंडर-16 खिलाड़ियों की सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देशों के अनुरूप लिया गया है। नियमों के तहत वैभव टीम की तकनीकी बैठकों, रणनीतिक चर्चाओं और मैच दिवस की गतिविधियों के लिए मुख्य भारतीय ड्रेसिंग रूम में शामिल हो सकेंगे, लेकिन कपड़े बदलने और अन्य व्यक्तिगत उपयोग के लिए उन्हें अलग ड्रेसिंग रूम का उपयोग करना होगा।
ईसीबी ने बताया कि क्रिकेट रेगुलेटर भारतीय टीम के टीम लायजन अधिकारी के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि खिलाड़ी के यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान उसकी आवश्यकताओं और सुरक्षा संबंधी अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके।
दौरे के दौरान वैभव के माता-पिता भी उनके साथ रहेंगे। वे टीम के आधिकारिक होटल में ठहरेंगे। इससे पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि खिलाड़ी के माता-पिता की यात्रा और आवास का पूरा खर्च बोर्ड की ओर से वहन किया जाएगा।
ईसीबी के मुताबिक सामान्य परिस्थितियों में खिलाड़ियों के परिजनों के लिए ऐसी व्यवस्था नहीं होती, लेकिन वैभव की कम उम्र को देखते हुए विशेष सहमति दी गई है। बोर्ड का मानना है कि परिवार की मौजूदगी से खिलाड़ी को अतिरिक्त सहयोग और देखभाल मिल सकेगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आयरलैंड के खिलाफ भारत की आगामी टी20 श्रृंखला के दौरान भी यही नियम लागू रहेंगे या नहीं। उल्लेखनीय है कि यूरोपीय फुटबॉल में कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए इस तरह के सुरक्षा प्रोटोकॉल पहले से प्रचलित हैं। हालांकि वैभव इससे पहले बिहार टीम, राजस्थान रॉयल्स और इंडिया ए के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके हैं।















