मुंबई, 27 जून।
पैन इंडिया फिल्म 'नागबंधम' का बहुप्रतीक्षित नया गीत 'वीरा नागा' रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर के बाद दर्शकों में बनी उत्सुकता को यह नया गीत और अधिक बढ़ा रहा है। गीत में नागा साधुओं के शौर्य, त्याग और सनातन धर्म की रक्षा के संकल्प को भव्य अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। शिव तांडव की ऊर्जा, आध्यात्मिक शक्ति और योद्धा भाव का प्रभावशाली संयोजन इस गीत को अलग पहचान देता है।
गीत के दृश्य इसकी प्रमुख विशेषता बनकर सामने आए हैं। बर्फ से आच्छादित पहाड़ों के बीच नागा साधुओं की वीर मुद्रा, शिवलिंग के समक्ष उनकी साधना और सनातन की रक्षा का संदेश पूरे गीत को भव्य रूप प्रदान करता है। निर्माताओं किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने कहा कि 'वीरा नागा' केवल एक गीत नहीं, बल्कि साहस, ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव है।
फिल्म के निर्देशक अभिषेक नामा के अनुसार, यह गीत फिल्म की मूल भावना को दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
रहस्य, पौराणिक कथाओं, एडवेंचर और आकर्षक विजुअल्स से सजी 'नागबंधम' में विराट कर्ण, नभा नटेश, दक्षा नागरकर, ऋषभ साहनी और महेश मांजरेकर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने निक स्टूडियो तथा अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले किया है। ज़ी स्टूडियो प्रस्तुत यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।















