भोपाल, 30 जून।
राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। एक युवक ने खुद को बच्ची के पिता का परिचित बताकर उसे आइसक्रीम खिलाने और घर छोड़ने का भरोसा दिलाया। आरोपी बच्ची को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में बच्ची को संदेह होने पर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गोविंदपुरा निवासी सोनू के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसे पहले भी बच्ची के मोहल्ले में देखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं तथा इस घटना के पीछे उसकी क्या मंशा थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 96 के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।















