नई दिल्ली, 30 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक कर नियमन में सुधार, कारोबार सुगमता, जीवन सुगमता और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और समन्वित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मंत्रालयों को समग्र सरकारी दृष्टिकोण अपनाने और विभागीय सीमाओं से ऊपर उठकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एकीकृत योजना और बेहतर समन्वय के महत्व को रेखांकित करते हुए पीएम गतिशक्ति मंच का व्यापक उपयोग करने का आह्वान किया, ताकि विभागों के बीच तालमेल बढ़े और निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सके।
प्रधानमंत्री ने सचिवों से कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के वास्तविक प्रभाव पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उनका लाभ आम लोगों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
बैठक के दौरान विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने कारोबार सुगमता, जीवन सुगमता और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े विषयों पर अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे प्रमुख सुधारों और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सचिवों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा की और शासन व्यवस्था तथा सार्वजनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भविष्य की रणनीतियों से अवगत कराया।















