काठमांडू, 30 जून।
नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के आरोप में चीनी सुरक्षा कर्मियों ने दो नेपाली युवको को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद उनकी रिहाई के लिए नेपाली सुरक्षा अधिकारियों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
नेपाल पुलिस के मुताबिक काठमांडू के धापासी निवासी मनोज प्रजापति और भक्तपुर के मध्यपुरथिमी निवासी सुदीप थापामगर दोलखा क्षेत्र से सीमा की ओर पहुंचे थे। मंगलवार सुबह दोनों को ड्रोन संचालित करते समय चीनी सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। वर्तमान में दोनों चीन के न्यालम काउंटी के नियंत्रण में हैं।
बताया गया है कि न्यालम काउंटी सिंधुपाल्चोक के निकट स्थित है। इसी कारण तातोपानी भंसार नाका के माध्यम से सिंधुपाल्चोक पुलिस की मध्यस्थता में दोनों युवकों को रिहा कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
सिंधुपाल्चोक पुलिस के अनुसार मनोज प्रजापति और सुदीप थापामगर ने स्वीकार किया है कि उनसे अनजाने में सीमा क्षेत्र के पास ड्रोन उड़ गया था, जिसके बाद उन्हें चीनी सुरक्षा कर्मियों ने हिरासत में ले लिया।















