जयपुर, 02 जुलाई।
राजधानी की हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली जयपुर सेंट्रल जेल में लावारिस पड़े एक पार्सल से तीन मोबाइल फोन, तीन बैटरियां, एक डाटा केबल और 20 बीड़ी के बंडल मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में जेल प्रशासन की ओर से लालकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
लालकोठी थाना प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि जेल प्रहरी सुरेशचंद्र की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दो दिन पहले जयपुर सेंट्रल जेल के वार्ड संख्या-13 के पीछे बने शौचालय के पास एक लावारिस पार्सल मिला था। जब पार्सल खोला गया तो उसमें तीन मोबाइल फोन, तीन बैटरियां, एक डाटा केबल और बीड़ी के 20 बंडल बरामद हुए। इसके बाद पूरी सामग्री को जेल प्रशासन ने जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि प्रतिबंधित सामान से भरा यह पार्सल बाहर से जेल परिसर में फेंका गया था। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसे किसने फेंका और इसे किस बंदी तक पहुंचाने की योजना थी। मामले की जांच एएसआई सूरजमल को सौंपी गई है। पुलिस और जेल प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जेल परिसर और बंदियों के कब्जे से कई बार मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। हाल ही में जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट की दो घटनाएं भी सामने आई थीं। इनमें एक विवाद सफाई को लेकर और दूसरा हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर हुआ था। दोनों मामलों में भी लालकोठी थाने में प्रकरण दर्ज किए गए थे।















