भोपाल, 07 जुलाई।
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के नवनियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं (सिविल) के लिए राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान, नागपुर में छह सप्ताह का विशेष तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 10 अभियंताओं को ताप एवं जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण, संधारण और आधुनिक सिविल इंजीनियरिंग तकनीकों का सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
छह सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नवनियुक्त अभियंताओं को विद्युत उत्पादन परियोजनाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कंक्रीट टेक्नोलॉजी, मटेरियल टेस्टिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, कार्य मापन, निर्माण पर्यवेक्षण और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों के उपयोग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाराष्ट्र के चंद्रपुर और कोराडी स्थित 2×600 मेगावाट सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत इकाइयों का औद्योगिक भ्रमण रहा। इस दौरान प्रशिक्षु अभियंताओं ने निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं में फाउंडेशन, संरचनात्मक निर्माण और परियोजना निष्पादन की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।















