भोपाल, 07 जुलाई।
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के शक्ति भवन मुख्यालय में साइबर सिक्योर 2026 अभियान के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश साइबर पुलिस के विशेषज्ञों ने पावर सेक्टर में बढ़ते साइबर खतरों, साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
उप पुलिस अधीक्षक राज्य साइबर पुलिस श्रीमती उमाकांती आर्मो के नेतृत्व में विशेषज्ञों ने एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, मोबाइल एप के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड तथा साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के संबंध में प्रशिक्षण दिया। साथ ही संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ई-मेल और डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ मोहित पांडे ने पावर सेक्टर पर बढ़ते साइबर खतरों की जानकारी देते हुए कहा कि ऊर्जा अवसंरचना की सुरक्षा में साइबर सुरक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने साइबर फ्रॉड की स्थिति में त्वरित रिपोर्टिंग और सुरक्षा उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
साइबर विशेषज्ञ राज शर्मा ने एआई युग में साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों, फर्जी ई-मेल की पहचान, प्रमाणित वेबसाइटों के उपयोग और संचार साथी एप की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान करीब 150 कार्मिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।















