Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मौसम
09 Jul, 2026

यूपी में मानसून की जोरदार दस्तक, लखनऊ से नोएडा तक बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के बाद लखनऊ, नोएडा समेत कई जिलों में भारी बारिश से जलभराव और जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ, 9 जुलाई।

उत्तर प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होते ही गुरुवार को राजधानी लखनऊ, नोएडा सहित पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। लगातार हुई वर्षा से कई शहरों में जनजीवन प्रभावित रहा। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि कुछ इलाकों से जनहानि की भी सूचना मिली। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट भी घोषित किया गया है।

लखनऊ में गुरुवार दोपहर बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ी और पूरे शहर में तेज बारिश हुई। लगातार वर्षा के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को पानी से भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा। पुराने शहर के चौक क्षेत्र में घरों तक पानी पहुंच गया, जबकि सदर बाजार के आजाद मोहल्ले में एक बड़ा पेड़ गिर गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार सुबह शुरू हुई बारिश नोएडा, गाजियाबाद समेत करीब 50 जिलों में रुक-रुक कर पूरे दिन जारी रही। नोएडा में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि गाजियाबाद में एक सड़क धंस गई। बुलंदशहर में कई दुकानों और मकानों में पानी घुस गया। बिजनौर के नजीबाबाद में मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। इसके अलावा जलेसर, संभल, आगरा, मवाना, तिलहर, मुजफ्फरनगर, नरोरा और जनसठ में भी भारी वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में चित्रकूट में सर्वाधिक 72.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य 7.1 मिमी की तुलना में 925 प्रतिशत अधिक रही।

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 9 से 11 जुलाई के बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, 12 और 13 जुलाई के लिए भारी बारिश और तेज बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को भी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश भेजे हैं।

इससे पहले बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला था। आगरा में एक दुकान ढहने से छह लोग मलबे में दब गए, जिनके लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। वहीं मथुरा में जर्जर मकान की दीवार गिरने से तीन लोग घायल हो गए। प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोग करंट की चपेट में आ गए।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़