मुंबई, 9 जुलाई।
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। बालाजी मोशन पिक्चर्स ने फिल्म का नया मोशन पोस्टर जारी करते हुए घोषणा की है कि अब यह फिल्म 28 अगस्त की जगह 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
दीपक मिश्रा और अरुणभ कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले रक्षाबंधन के अवसर पर दर्शकों के बीच आने वाली थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर होने वाले बड़े मुकाबले को देखते हुए निर्माताओं ने इसकी रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
निर्माता एकता कपूर की ओर से साझा किए गए एनिमेटेड मोशन पोस्टर में त्रिशूल धारण किए एक रहस्यमयी व्यक्ति को बाघ और नंदी के बीच खड़ा दिखाया गया है। पोस्टर में बिजली की चमक और पौराणिक प्रतीकों का इस्तेमाल फिल्म के रहस्य और रोमांच को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। इसके साथ साझा किए गए संदेश में लिखा गया है, "बाघ की दहाड़ है... नंदी उसकी शक्ति है। और वन... उसकी कहानी।" फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी।
जानकारी के अनुसार, अगस्त में श्रद्धा कपूर की 'ईथा' और यश की 'टॉक्सिक' जैसी बड़ी फिल्मों की रिलीज तय होने के चलते निर्माताओं ने फिल्म को एकल रिलीज देने की रणनीति अपनाई है। अब सितंबर में रिलीज होने से फिल्म को दर्शकों का अधिक ध्यान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सिनेमाघरों में प्रदर्शन के बाद 'वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का प्रदर्शन अमेजन प्राइम वीडियो पर भी किया जाएगा।















