नई दिल्ली, 13 जुलाई।
भक्ति संगीत और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अपनी गहरी छाप छोड़ने के बाद टी-सीरीज अब तकनीक और आस्था के संगम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने की तैयारी में है। कंपनी ने अपने नए एआई-आधारित पॉडकास्ट 'अमृत गाथाएं' का औपचारिक एलान कर दिया है। 'मां वैष्णो देवी' श्रृंखला की अपार सफलता के बाद, अब यह नया अध्याय भारतीय पौराणिक कथाओं को डिजिटल युग के अनुरूप एक नए स्वरूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है।
इस अनूठे पॉडकास्ट का टीजर भी जारी कर दिया गया है, जिसे लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। कंपनी के अनुसार, इसके नए एपिसोड प्रति सप्ताह बुधवार और शनिवार को टी-सीरीज़ भक्ति सागर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित होंगे। एआई तकनीक के उपयोग से तैयार की गई ये कहानियां अत्यंत प्रभावशाली दृश्यों और कर्णप्रिय वर्णन के साथ भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगी।
टी-सीरीज की शोध-आधारित टीम ने इसे इस तरह से गढ़ा है कि यह न केवल ज्ञानवर्धक हो, बल्कि हर आयु वर्ग के दर्शकों के लिए एक आकर्षक अनुभव भी बने। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से भारतीय धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी के साथ जोड़ना है। भक्ति और प्रेरणा से ओत-प्रोत यह पॉडकास्ट डिजिटल दर्शकों के लिए एक भक्तिपूर्ण सौगात साबित होगा।















