बेलघरिया, 13 जुलाई।
बेलघरिया एक्सप्रेसवे के खलिसाकोटा इलाके में सोमवार भोर तड़के हुई खूनी गैंगवार ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस आपसी वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात बदमाश राजा दत्त को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया है। हमले में उसके दो अन्य साथियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के राजा दत्त अपने गिरोह के साथ खलिसाकोटा पहुंचा था, जहाँ पहले से घात लगाए बैठे प्रतिद्वंद्वी गुट ने उसे घेर लिया। दोनों गुटों के बीच तीखी बहस के बाद हिंसा भड़क उठी। आरोप है कि हमलावरों ने राजा दत्त से उसकी पिस्तौल छीन ली और उसी हथियार का इस्तेमाल कर उसे व उसके साथियों को पॉइंट ब्लैंक रेंज से निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही खड़दह थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर घायलों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ राजा दत्त को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर हमलावरों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। इस सनसनीखेज हत्या ने बेलघरिया एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि इलाके में आपराधिक गतिविधियों का यह कोई पहला मामला नहीं है।















