मुरैना, 13 जुलाई।
जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे ऑटो रिक्शा को पत्थर से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी सड़क पर पलट गई।
इस दुर्घटना में ऑटो में सवार महेंद्र राठौर, मनोरमा राठौर और चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर से गिरे पत्थरों के ढेर के नीचे दबने से कई यात्री घायल हो गए, जिससे मौके पर कोहराम मच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार, ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे, जो आपस में रिश्तेदार थे। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें सूरज, वंशिका, गुंजन, अंजलि और मीना राठौर शामिल हैं। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बानमौर विजयपुरा से भूमिया बाबा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे इन श्रद्धालुओं की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।















