Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
13 Jul, 2026

दतिया उपचुनाव में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले- आशुतोष को जिताने घर-घर जाऊंगा

दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए और आशुतोष तिवारी को जिताने के लिए घर-घर जाने का संकल्प जताया।

दतिया, 13 जुलाई।

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने सुबह नामांकन पत्र जमा किया, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दोपहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।

भाजपा की नामांकन सभा में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। दतिया से अपने लंबे राजनीतिक और आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए उनका गला भर आया और उनकी आंखें नम हो गईं। कुछ देर रुकने के बाद उन्होंने अपना संबोधन बीच में ही समाप्त कर दिया।

भावुक होते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने उन्हें 30 वर्ष तक विधायक और 15 वर्ष तक मंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी के प्रति अपना दायित्व निभाने का समय है। उन्होंने कहा कि कोई भी यह भ्रम न पाले कि भाजपा का कार्यकर्ता घर बैठ जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दतिया में डेरा डालेंगे, गांव-गांव जाएंगे, एक-एक घर के सामने शीश नवाकर आशुतोष तिवारी को विजयी बनाएंगे। इस दौरान उनका गला रुंध गया और वे अपनी बात पूरी नहीं कर सके। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य नेताओं ने उन्हें संभाला। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा में मतभेद के कांग्रेस के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी में फूट होती तो सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर एकजुट दिखाई नहीं देते। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर भी तंज कसते हुए उन्हें "एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली" बताया और कहा कि वे मीठे जरूर लगते हैं, लेकिन उनका कोई प्रभाव नहीं होता।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि पिछले दो दशकों में दतिया का व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां पहले तांगे चलते थे, वहां आज हवाई सेवाएं उपलब्ध हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी पहले की तुलना में बेहतर हुई है।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया उपचुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने मंच से नरोत्तम मिश्रा की ओर देखते हुए कहा कि आशुतोष तिवारी को विजय दिलाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रत्येक कार्यकर्ता उम्मीदवार की तरह चुनाव में जुटता है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस प्रदेश के विकास में अपेक्षित योगदान नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आधारभूत संरचना, निवेश, बिजली, धार्मिक पर्यटन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दतिया के विकास के लिए सरकार हर आवश्यक परियोजना को मंजूरी देने के लिए तैयार है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का निर्वाचन निरस्त होने के बाद कराया जा रहा है। भाजपा ने इस बार डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है। दोनों दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़