दक्षिण 24 परगना, 13 जुलाई।
बंगाल के बकखाली तट के निकट समुद्र में लापता हुए मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर 'मा काली' को ढूंढ लिया गया है। बचाव दल ने तलाशी के दौरान ट्रॉलर के भीतर से और चार शव बरामद किए हैं। इससे पहले रविवार को पांच शव मिले थे, जिसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या नौ तक पहुंच गई है। अभी भी छह मछुआरे लापता हैं, जिनकी तलाश में प्रशासन जुटा हुआ है।
रात भर चले सघन बचाव अभियान के दौरान ट्रॉलर के अंदर और आसपास के क्षेत्रों को खंगाला गया। आशंका है कि समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आने से कुछ मछुआरे दूर बह गए होंगे। मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है और आगामी राहत कार्यों पर मंथन किया जा रहा है।
सुंदरबन विकास विभाग के राज्यमंत्री दीपंकर जाना स्वयं सीतारामपुर घाट पहुंचे और वहां चल रही कार्रवाई की निगरानी की। मौके पर काकद्वीप महकमा प्रशासन, सुंदरबन पुलिस, कोस्टल थाना और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मछुआरा संगठनों के प्रतिनिधि भी बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
यह ट्रॉलर 2 जुलाई को शंकरपुर बंदरगाह से निकला था, लेकिन 5 जुलाई के बाद से ही इसका संपर्क टूट गया था। इसके बाद नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। चुलकाठी जंगल के पास ट्रॉलर उलटा मिला था, जिसे बाद में सीतारामपुर घाट लाया गया। अब सभी की नजरें बाकी छह लापता लोगों की बरामदगी पर टिकी हैं।















