इम्फाल, 13 जुलाई।
मणिपुर में शांति बहाल करने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों के भीतर बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर विभिन्न उग्रवादी संगठनों के चार खूंखार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थौबल जिले से पकड़े गए एक संदिग्ध के पास से एसएलआर राइफल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक बोलेरो वाहन बरामद किया गया है। यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
12 जुलाई को थौबल के यैरिपोक थाना क्षेत्र से मकुई नागा गांव के रहने वाले चागीसोंगतानबौ नखामनामाई को पकड़ा गया। वहीं 11 जुलाई को इम्फाल पूर्व जिले में सुरक्षा बलों ने केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) के दो सक्रिय उग्रवादियों मोहम्मद मोतिम और थोंगाम प्रीथिंगाम्बा मैतेई को दबोचा। ये दोनों कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के काम में लिप्त थे। इसके अलावा, यूपीपीके के सक्रिय सदस्य सलाम बिजांदा सिंह को भी इम्फाल पूर्व के पोरोमपट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
दूसरी ओर, मणिपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मोटर वाहन नियमों के विरुद्ध अपना शिकंजा कस दिया है। 6 से 12 जुलाई के बीच चले विशेष अभियान में पुलिस ने 257 वाहनों का चालान कर 2.76 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला है। साथ ही, यातायात नियमों का पालन न करने वाले 90 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई और एक वाहन को जब्त कर पुलिस लाइन भेजा गया। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस का यह कड़ा रुख जारी है।















