नोएडा, 13 जुलाई।
थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में रविवार को दो महिलाओं द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ही मामलों में मानसिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है और परिजनों से पूछताछ कर मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
पहली घटना होशियापुर गांव की है, जहां 34 वर्षीय बबीता पत्नी परम मुखिया ने तड़के अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार मृतका के परिवार से पूछताछ की जा रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे के ठोस कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
दूसरी घटना बरौला गांव की गली नंबर-3 में घटित हुई, जहां 20 वर्षीय पूनम पुत्री राम सिंह ने बीते रात फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह सेक्टर 50 स्थित एक अस्पताल में कार्यरत थी और नई नौकरी में थी। पुलिस ने बताया कि मृतका के पारिवारिक पृष्ठभूमि और कार्यस्थल से जुड़ी जानकारियों के आधार पर कारणों को खंगाला जा रहा है। थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक रामावतार शर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों ही मामलों में गहन जांच कर रही है।














