मीरजापुर, 13 जुलाई।
देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार की देर शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में डाक विभाग के एक कर्मचारी की जान चली गई। बेलहरा मोड़ के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने शाखा डाकपाल अरविंद कुमार मिश्र (61) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरविंद कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
मृतक मूल रूप से हरदी गुलालपुर के निवासी थे और वर्तमान में वहीं शाखा डाकघर में शाखा डाकपाल के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके सेवानिवृत्त होने में अभी लगभग पांच वर्ष का समय शेष था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से मीरजापुर डाक मंडल में गहरा शोक व्याप्त है।
सूचना पाकर देहात कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फरार स्कॉर्पियो और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।















