गांधीनगर, 13 जुलाई।
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन के बाद भारत सरकार द्वारा घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक के चलते गृह मंत्री अमित शाह के गुजरात दौरे के सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। इसके कारण गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (NFSU) में होने वाला इंटरपोल का महत्वपूर्ण सम्मेलन और अन्य लोकार्पण समारोह अब स्थगित हो गए हैं।
इस दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की मौजूदगी में पांच बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन होना था। इन परियोजनाओं में एशिया की पहली साइबर फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन के साथ ही वित्तीय अपराध जांच और क्राइम सीन मैनेजमेंट से जुड़े अत्याधुनिक केंद्र भी शामिल थे।
इस बदलाव के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को कार्यक्रम स्थल पर न आने की सलाह दी गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यक्रमों की आगामी तारीखों के बारे में जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। वर्तमान में पूरा सरकारी तंत्र राष्ट्रीय शोक के प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है।
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का 74 वर्ष की आयु में 12 जुलाई को देहावसान हो गया था। उन्होंने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर की सत्ता संभाली थी। उनके सम्मान में केंद्र सरकार ने आज पूरे देश में राजकीय शोक का ऐलान किया है, जिसके चलते सभी प्रस्तावित सरकारी कार्यक्रम रोक दिए गए हैं।















