नई दिल्ली, 13 जुलाई।
प्राइम वीडियो पर आने वाली नई कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है। यह कहानी एक सरकारी स्कूल की हकीकत को हास्य और जज्बातों के साथ पेश करती है।
सीरीज में केके मेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वे ज्ञानेश्वर त्रिपाठी नाम के एक ऐसे हेडमास्टर बने हैं, जो अपने स्कूल की सूरत बदलने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि ज्ञानेश्वर त्रिपाठी दिल्ली के चुनिंदा हेडमास्टरों के लिए कैम्ब्रिज ट्रेनिंग की खबर सुनते हैं। इसके बाद वे अपने जर्जर स्कूल को सुधारने की ठान लेते हैं, जहां से शुरू होती है बच्चों की शरारतों और मुश्किलों से भरी एक अनोखी यात्रा।
सात एपिसोड वाली इस सीरीज का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है। इसकी पटकथा बिस्वपति सरकार और अक्षय अस्थाना ने तैयार की है। यह सीरीज 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर देखी जा सकेगी। निर्देशक का कहना है कि यह कहानी हर किसी को स्कूल के दिनों की याद दिलाएगी।















