सिवनी, 13 जुलाई।
नेशनल हाईवे-44 पर कुरई थाना अंतर्गत ग्राम मोहगांव के पास रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया। चेन्नई से नोएडा जा रहे इलेक्ट्रिक वाहनों की लिथियम बैटरी से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक चालक राम सिंह यादव वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर भोजन करने गया था, तभी उसमें से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
कुरई पुलिस और दमकल विभाग की टीमें सूचना पाते ही तत्परता से घटनास्थल पर पहुंचीं। आग इतनी भयावह थी कि पास में ही स्थित एक पेट्रोल पंप के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया था। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर नियंत्रण पाया और पेट्रोल पंप को सुरक्षित बचा लिया। इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
आग बुझने के बाद भी बैटरी के प्लेटें लंबे समय तक अत्यधिक गर्मी छोड़ती रहीं, जिससे बीच-बीच में चिंगारियां और धुआं उठ रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर दमकल विभाग की टीम देर रात तक वहीं तैनात रही और निरंतर कूलिंग प्रक्रिया करती रही ताकि दोबारा आग न सुलग सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विशेषज्ञों की मदद से आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।















