नई दिल्ली, 13 जुलाई।
विदेश मंत्रालय ने एक फैक्ट चेक जारी कर 'एमईए भारत' (@MEABharat) नाम से संचालित एक सोशल मीडिया अकाउंट को फर्जी करार दिया है। मंत्रालय ने लोगों से ऐसे भ्रामक अकाउंट से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने की अपील की है।
मंत्रालय के अनुसार, संबंधित अकाउंट का विदेश मंत्रालय से कोई संबंध नहीं है। यह मंत्रालय का रूप धारण कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है और जनहित को प्रभावित कर सकता है। ऐसे अकाउंट से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जिस अकाउंट को फर्जी बताया गया है, उसे सितंबर 2023 में बनाया गया था। वर्ष 2024 के बाद से उस पर कोई नई जानकारी या अपडेट भी साझा नहीं किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि सोशल मीडिया पर अक्सर बड़े संस्थानों, मंत्रालयों और प्रमुख व्यक्तियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जाती है। इसलिए नागरिकों को हमेशा संबंधित संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट का ही अनुसरण करना चाहिए।















