तेहरान, 13 जुलाई।
अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देगा। ईरानी सेना के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि जलडमरूमध्य की सुरक्षा और संचालन पूरी तरह ईरान का अधिकार है तथा इसमें किसी अन्य देश की भूमिका स्वीकार नहीं की जाएगी।
ईरान का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी संभाल सकता है। तेहरान ने इसे अपनी संप्रभुता से जुड़ा विषय बताते हुए किसी भी विदेशी दखल का विरोध किया।
इस बीच व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर अंतरिम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान ने समझौते का पालन नहीं किया है और अब अमेरिका इसका सख्त जवाब देगा।
ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच कई बार समझौते हुए, लेकिन हर बार ईरान ने उन्हें तोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि अब अमेरिका इस पर कड़ा जवाबी कदम उठाएगा।















