कानपुर, 13 जुलाई।
कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र में सर्विस लेन में खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह पिचक गई और सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में हरियाणा के चालक बजरंग, बिहार के दिलकुश कुमार और एक अज्ञात बच्ची की जान गई है। वहीं नौ यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो सिरसा से बिहार और झारखंड जा रही थी। इसमें दो परिवारों के कुल 12 लोग सवार थे, जो रविवार रात को ही रवाना हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला, जिसे पुलिस ने करीब 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर के पास पकड़ लिया। आरोपित चालक ने बताया कि वह सर्विस लेन में ट्रक खड़ा करके आराम कर रहा था।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के आदेश दिए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के कारण राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।















