हल्द्वानी, 13 जुलाई।
'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अंतर्गत निःशुल्क ट्रेन यात्रा का लाभ उठाने के लिए नैनीताल जिले से चयनित 37 श्रद्धालुओं का दल आज देहरादून के लिए रवाना हो गया है। हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डे से रवाना होते समय सांसद अजय भट्ट ने सभी तीर्थयात्रियों को विदाई दी। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन लोगों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है जो किन्हीं कारणों से अब तक तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी यात्रा में ठहरने, खाने-पीने और चिकित्सा जैसी सभी सुविधाएं सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त दी जा रही हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि नैनीताल से गया दल पहले देहरादून पहुंचेगा, जहां राज्य के सभी 13 जिलों के श्रद्धालु एक साथ जुटेंगे। इसके पश्चात हर्रावाला रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस विशेष ट्रेन को गुजरात स्थित भगवान सोमनाथ धाम के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस आध्यात्मिक यात्रा का मूल उद्देश्य प्रदेश की जनता को देश की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से रूबरू कराना है। इस यात्रा की एक और विशेषता यह है कि श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखंड के सभी 13 जिलों की पवित्र नदियों का जल कलश में लेकर जाएंगे, जिसे सोमनाथ धाम में अर्पित किया जाएगा।















