कानपुर, 13 जुलाई।
उत्तर प्रदेश की बहुप्रतीक्षित यूपी टी20 लीग का चौथा संस्करण आगामी 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक रोमांचक अंदाज में खेला जाएगा। कुल 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच आयोजित होंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मुकाबले देखने को मिलेंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए इस बार के आयोजन को दो शहरों में बांटने का बड़ा निर्णय लिया है।
लीग का पहला पड़ाव लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जहां 22 मैचों का आयोजन सुनिश्चित है। प्रतियोगिता का दूसरा चरण और फाइनल मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस प्रयास का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे का सदुपयोग करना और क्रिकेट को जन-जन तक पहुंचाना है।
टूर्नामेंट के आयोजन, नीलामी प्रक्रिया और प्रतिभा खोज को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार कर ली गई है। आगामी 24 जुलाई को आगरा में खिलाड़ी नीलामी आयोजित की जाएगी, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच 45 स्लॉट्स के लिए मुकाबला होगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रिटेंशन और चयन नीतियों को अंतिम रूप दिया गया है। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने हेतु कैचमेंट एरिया मॉडल का प्रयोग जारी रहेगा।
इस सीजन की भव्यता बढ़ाने के लिए सुरेश रैना लगातार चौथे वर्ष ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएंगे और लीग का प्रसिद्ध एंथम दर्शकों को फिर मंत्रमुग्ध करेगा। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों के लिए 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान है। विजेता टीम को 1 करोड़ और उपविजेता को 60 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए इस बार 'हर बाउंड्री, एक नई हरियाली' नामक अनूठी पहल शुरू की गई है। इस अभियान के तहत टूर्नामेंट में लगने वाले हर चौके और छक्के पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में वृक्षारोपण किया जाएगा। यूपीसीए का स्पष्ट लक्ष्य प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को एक राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान कर उत्तर प्रदेश को क्रिकेट प्रतिभाओं का सबसे बड़ा केंद्र बनाना है।















