नई दिल्ली, 13 जुलाई।
दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सोमवार को सुधार दर्ज किया गया। राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार के 261 के मुकाबले सोमवार शाम चार बजे 246 और शाम छह बजे 225 दर्ज किया गया। स्थिति में सुधार को देखते हुए संबंधित उप-समिति ने फिलहाल ग्रैप के तहत पाबंदियां लागू नहीं करने का निर्णय लिया है।
आयोग ने बताया कि मौजूदा वायु गुणवत्ता के साथ भारतीय मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान की ओर से जारी एक्यूआई तथा मौसम पूर्वानुमान की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि रविवार के मुकाबले सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई घटकर 225 पर पहुंच गया, जो वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत है।
उप-समिति ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को जमीनी स्तर पर धूल नियंत्रण संबंधी उपायों को और प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाएगी और समय-समय पर स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि रविवार को अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान के आसपास बने धूल भरे तूफान का असर उत्तर-पश्चिम भारत, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचा था। इसके कारण वातावरण में पीएम-10 कणों की मात्रा बढ़ गई थी और एक्यूआई 261 तक पहुंच गया था।















