लखनऊ, 13 जुलाई।
'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की संभावनाओं पर मंथन के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंची है। इस विषय पर व्यापक राय जानने के लिए समिति सोमवार और मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के साथ गहन चर्चा करेगी।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि समिति आज प्रदेश के मुख्य सचिव, डीजीपी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ बैठक करेगी। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों, बैंक अधिकारियों और बार काउंसिल के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद स्थापित किया जाएगा। ये सभी बैठकें शाम सात बजे तक चलेंगी।
मंगलवार को समिति का फोकस पूरी तरह से राजनीतिक चर्चा पर रहेगा। इसमें प्रदेश के जन प्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इस दौरान 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' को लेकर उनके सुझाव और विचार दर्ज किए जाएंगे।
ठाकुर ने कहा कि यदि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते हैं तो इससे देश को बार-बार लगने वाली आचार संहिता से मुक्ति मिलेगी। फिलहाल पूरे साल कहीं न कहीं चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अलग-अलग दल इस बड़े चुनावी सुधार पर क्या रुख अपनाते हैं।















