धमतरी, 14 जुलाई।
ग्राम बंजारी की चेतना महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने चप्पल बनाने की मशीन के नाम पर हुई धोखाधड़ी के खिलाफ कलेक्ट्रेट में गुहार लगाई है। समूह की अध्यक्ष ममता साहू के नेतृत्व में महिलाओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी बकाया राशि वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019-2020 में देवेश दुबे नामक व्यक्ति ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मशीन और सामग्री उपलब्ध कराने का झांसा देकर 90 हजार रुपये ले लिए थे। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें चप्पल बनाने की मशीन की जगह केवल एक मिक्सिंग मशीन थमा दी गई। पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण न मिलने के कारण समूह का कामकाज शुरू नहीं हो सका।
महिलाओं ने बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपित ने एक चेक दिया जो समय सीमा समाप्त होने के कारण बाउंस हो गया। समूह का दावा है कि पिछले सात वर्षों में उन्हें केवल 40 हजार रुपये ही वापस मिल सके हैं, जबकि 60 हजार रुपये का मूलधन अभी भी बकाया है।
आर्थिक नुकसान का आलम यह है कि स्वरोजगार शुरू न होने के बावजूद बैंक खाते से लगातार ब्याज कट रहा है, जिसकी कुल राशि 58,181 रुपये तक पहुँच गई है। समूह की सदस्यों ने आरोप लगाया कि पैसा मांगने पर आरोपित उन्हें गाली-गलौज करता है और झूठे केस में फंसाने की धमकी देता है। उन्होंने अब प्रशासन से कुल 1,18,181 रुपये ब्याज सहित दिलाने की गुहार लगाई है।















