ब्रसेल्स, 14 जुलाई।
भारत ने कल ब्रसेल्स में आयोजित फिलिस्तीन डोनर ग्रुप की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। विदेश मंत्रालय की सचिव (सीपीवी और ओआईए) प्रिया रंगानाथन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत फिलिस्तीनी लोगों का एक पुराना और विश्वसनीय सहयोगी है। उन्होंने फिलिस्तीन को दी जाने वाली मानवीय सहायता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर समर्थन देने की बात दोहराई।
सचिव ने बताया कि भारत की परियोजनाएं वहां के लोगों की जरूरतों पर आधारित हैं, जो मुख्य रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर केंद्रित हैं। उन्होंने पुनर्वास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई नई परियोजनाओं को शुरू करने की घोषणा भी की।
इसके अलावा, सचिव ने संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी के सलाहकार आयोग की बैठक में भी हिस्सा लिया। वहां उन्होंने एजेंसी के प्रयासों की सराहना करते हुए फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए भारत का समर्थन जारी रखने का वादा किया।














