पेरिस, 14 जुलाई।
यूक्रेन और नौ अन्य यूरोपीय देशों ने मिलकर एक विशेष गठबंधन बनाने का ऐलान किया है। इसका मुख्य उद्देश्य पूरे यूरोप को बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से सुरक्षित करना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्पेन, स्वीडन और ब्रिटेन के शीर्ष नेतृत्व ने इस बढ़ते खतरे पर चिंता जताई है।
इन देशों का मानना है कि बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना क्रूज मिसाइलों या ड्रोन के मुकाबले कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण है। पेरिस में जारी एक संयुक्त बयान में इन 10 देशों ने अपनी साझा रक्षा प्रणाली विकसित करने की योजना साझा की है।
इस पहल में यूक्रेन के पिछले चार वर्षों के युद्ध के अनुभवों का लाभ लिया जाएगा। हालांकि, इस रक्षा प्रणाली को स्थापित करने के लिए अभी कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की गई है। यह गठबंधन अन्य देशों के लिए भी खुला रहेगा।















